Rechercher dans ce blog

Friday, April 28, 2023

भास्कर अपडेट्स: SC का राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश, कहा- हेट स्पीच के मामलों में बिना शिकायत के... - Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Manipur CM | Jammu Kashmir Delhi Mumbai News

एक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को हेट स्पीच के मामलों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तत्काल एक्शन लेने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि जब भी कोई नफरत फैलाने वाला भाषण देता है तो सरकारें बिना किसी शिकायत के FIR दर्ज करें। ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए बयान देने वाले की धर्म की परवाह नहीं करनी चाहिए।

ऐसे ही धर्मनिरपेक्ष देश की अवधारणा को जिंदा रखा जा सकता है। कोर्ट ने अपने 2022 के आदेश का दायरा बढ़ाते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि हेट स्पीच से जुड़े मामलों में केस दर्ज करने में देरी होने पर इसे अदालत की अवमानना माना जाएगा।

आज की अन्य प्रमुख खबरें...
अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा अगले साल 22 जनवरी को, दर्शन और पूजन भी शुरू होगा

अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को की जाएगी। उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। राम मंदिर का 70% निर्माण पूरा हो चुका है। गर्भगृह के पिलर 14 फीट तक बनकर तैयार हो चुके हैं।

मंदिर निर्माण तीन चरणों में पूरा होगा। पहला चरण अगस्त 2023 तक पूरा होगा। दूसरा चरण दिसंबर 2024 में, जबकि 2025 तक मंदिर आकार ले चुका होगा। जनवरी 2024 में मंदिर में दर्शन-पूजन शुरू हो सकेगा। मंदिर निर्माण में करीब 800 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। कुल खर्च का अनुमान करीब 1800 करोड़ रुपए लगाया गया है।

सत्यपाल मलिक के घर पहुंची CBI, इंश्योरेंस स्कैम के मामले में करेगी पूछताछ

जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के घर पर CBI टीम पहुंच गई है। एजेंसी मलिक से जम्मू-कश्मीर के कथित इंश्योरेंस घोटाले के मामले में पूछताछ करेगी।

BBC के चेयरमैन रिचर्ड शार्प ने इस्तीफे का ऐलान किया, बोरिस जॉनसन लोन केस से विवादों में आए थे

BBC के येचरमैन रिचर्ड शार्प ने शुक्रवार को अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। शार्प ने कहा कि वे BBC के हितों को ध्यान में रखते हुए इस्तीफा दे रहे हैं। वो पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से जुड़े लोन मामले से विवादों में आए थे। हाल ही में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि शार्प ने पब्लिक अपाइंटमेंट में नियमों का उल्लंघन किया है। शार्प ने अपने इस्तीफे में भी इस रिपोर्ट का जिक्र किया है। BBC ने शार्प का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

शिवसेना की संपत्ति एकनाथ शिंदे गुट को ट्रांसफर करने की याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज

सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना की संपत्ति को एकनाथ शिंदे गुट को ट्रांसफर करने की याचिका खारिज कर दी है। फिलहाल, शिवसेना पार्टी की संपत्ति उद्धव ठाकरे गुट के पास है। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएम नरसिम्हा की बेंच ने याचिकाकर्ता से पूछा कि आप कौन हैं, आपका इस मामले में क्या अधिकार है। इसके बाद याचिका खारिज कर दी।

JDU के पूर्व प्रवक्ता अजय आलोक भाजपा में शामिल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई

JDU के पूर्व प्रवक्ता अजय आलोक शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली पार्टी कार्यालय में आलोक को पार्टी की सदस्यता दिलाई। अजय आलोक ने कहा कि भाजपा में आकर मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं अपने परिवार में ही आया हूं जिसके मुखिया मोदी जी हैं। अगर मेरा एक प्रतिशत योगदान भी मोदी विजन में हो सका तो यह मेरे लिए गर्व की बात होगी। पूरी खबर पढ़ें...

भाजपा ने बंगाल के उत्तरी जिलों में बुलाया 12 घंटें का बंद, कूचबिहार में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

भाजपा ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों में 12 घंटे के बंद की घोषणा की है। ये बंद बंगाल पुलिस के कथित अत्याचारों के खिलाफ बुलाया गया है। बंद के दौरान कूचबिहार जिले में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। भाजपा कार्यकर्ता बस डिपो के सामने धरने पर बैठ गए। कई सरकारी बसों पर पत्थर फेंके गए। पुलिस ने कूच बिहार और कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पूरी खबर पढ़ें..

मणिपुर में मुख्यमंत्री एन बीरेन के दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल पर लोगों ने तोड़फोड़ और आगजनी की

मणिपुर के चुराचांदपुर में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह शुक्रवार को दौरे पर आने वाले थे। इससे पहले गुरुवार को कुछ लोगों ने वहां तोड़फोड़ कर दी जहां उनका कार्यक्रम होने वाला था। बताया जा रहा है कि भीड़ ने आगजनी भी की। पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 9 बजे की है। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने भीड़ पर काबू पाया। घटना के बाद से जिले में तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पूरी खबर पढ़ें..

महाराष्ट्र में 15 साल की लड़की से गैंगरेप के मामले में चार गिरफ्तार, एक किशोर भी शामिल

महाराष्ट्र के ठाणे में 15 साल की लड़की से कथित गैंगरेप के आरोप में पुलिस ने एक किशोर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। कोलसेवाडी थाने में IPC की धारा 376(D) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान साहिल राजभर, सुजल गावती, विजय बेरा और एक किशोर के रूप में हुई है।

अलास्का में अमेरिकी आर्मी के 2 हेलिकॉप्टर क्रैश, ट्रेनिंग के दौरान हादसा

अमेरिका के अलास्का में गुरुवार देर रात US आर्मी के दो हेलिकॉप्टर क्रैश हो गए। इस साल अमेरिका में सैन्य हेलिकॉप्टर से जुड़ी यह दूसरी घटना है। अमेरिकी सेना अलास्का के प्रवक्ता जॉन पेनेल ने कहा- हादसा ट्रेनिंग के दौरान हुआ। दोनों हेलिकॉप्टर में कुल 4 लोग सवार थे। फिलहाल किसी के मारे जाने की खबर नहीं है।

नेपाल में डेढ़ घंटे में 2 भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.8 और 5.9 रही

नेपाल गुरुवार देर रात 2 भूकंप आए। पहला भूकंप रात 11:58 बजे आया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.8 रही। वहीं, दूसरा भूकंप डेढ़ घंटे बाद रात करीब 1:30 बजे आया। इसकी तीव्रता 5.9 रही। भूकंप का केंद्र दाहाकोट गांव में जमीन के 10 किलोमीटर अंदर था। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।

पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल के तीन जिलों में बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां पर गुरुवार को बारिश हुई थी। अधिकारी ने बताया कि बिजली गिरने से पूर्व बर्धमान जिले में चार, मुर्शिदाबाद और उत्तर 24 परगना में दो-दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर किसान थे, जो खेत में काम कर रहे थे।

उदयपुर में पुलिस की छापेमारी के दौरान बदमाशों की फायरिंग की, 7 पुलिसकर्मी घायल

राजस्थान के उदयपुर में मांडवा थाना क्षेत्र में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाम करीब 7 बजे मांडवा थाना क्षेत्र में एक अपराधी के होने की सूचना मिली थी। ये अपराधी लूट और डकैती सहित कई मामले में शामिल था। इसी सूचना में पुलिस दबिश देने पहुंची थी।

उसी दौरान इन अपराधियों ने पुलिस पर हमला किया। पुलिस अधिकारियों पर चाकू और डंडों से हमला किया गया और फायरिंग भी की। इसमें करीब 7 पुलिस कर्मी घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एअर इंडिया 1000 पायलटों की भर्ती करेगी, 470 विमान खरीदने का ऑर्डर दे चुकी है कंपनी

एअर इंडिया विमानों के अपने बेड़े को बढ़ा रही है। इसके लिए कंपनी 1000 पायलटों की भर्ती करेगी। टाटा समूह के स्वामित्व वाली इस एयरलाइन में अभी 1,800 से अधिक पायलट हैं। कंपनी ने अभी बोइंग और एयरबस के साथ 470 विमान खरीदने का ऑर्डर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Adblock test (Why?)


भास्कर अपडेट्स: SC का राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश, कहा- हेट स्पीच के मामलों में बिना शिकायत के... - Dainik Bhaskar
Read More

No comments:

Post a Comment

'हां, ये सही है लेकिन क्या मुल्क में यही चलता रहेगा...', ASI रिपोर्ट पर बोले प्रोफेसर इरफान हबीब - Aaj Tak

ज्ञानवापी परिसर की ASI सर्वे रिपोर्ट को लेकर हिंदू पक्ष ने कई दावे किए हैं. गुरुवार को वकील विष्णु शंकर जैन ने रिपोर्ट सार्वजनिक की. उन्हों...