Rechercher dans ce blog

Wednesday, August 9, 2023

राहुल बोले- मणिपुर में भारत मां की हत्या हुई: स्मृति ने कहा- ऐसी बात पर कांग्रेस ताली बजा रही है; वर्ल्ड कप... - Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Rahul Gandhi Vs Smriti Irani । Chandrayaan 3 Moon Landing Details

24 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से जुड़ी रही। एक खबर 5 अक्टूबर से भारत में खेले जाने वाले क्रिकेट वर्ल्ड कप की रही। संसद की कार्यवाही के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा और नोकझोंक हुई, हम ये भी बताएंगे...।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर...

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस की ओर से लाए अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में जवाब देंगे। वे अपने दूसरे कार्यकाल में दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव का सामना कर रहे हैं।

अब कल की बड़ी खबरें...

1. राहुल बोले- मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई; स्मृति ईरानी और अमित शाह का पलटवार

मानसून सत्र के 16वें दिन लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने 6 महीने बाद संसद में स्पीच दी। उन्होंने मणिपुर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने राहुल के बयान का जवाब दिया और उन पर अमर्यादित आचरण का आरोप लगाया। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने बीते 9 साल में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और मणिपुर हिंसा की निंदा की।

संसद में हुई 4 सबसे बड़ी बातें…

(1). राहुल गांधी बोले- मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई, PM के लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं

राहुल ने कहा- प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। वे वहां नहीं जा सकते हैं, क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान, भारत माता की हत्या की है। आप भारत माता के रखवाले नहीं, हत्यारे हो। सेना एक दिन में वहां शांति ला सकती है, लेकिन आप ऐसा नहीं चाहते। रावण दो लोगों की सुनता था- मेघनाद और कुंभकर्ण। वैसे ही मोदी जी अमित शाह और अडाणी की सुनते हैं। पढ़ें पूरा बयान...

(2). स्मृति बोलीं- कांग्रेस के मन में गद्दारी; राहुल पर सदन में फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया

स्मृति ईरानी ने कहा- राष्ट्र के इतिहास में पहली बार भारत मां की हत्या की बात हुई। कांग्रेस तालियां बजाती रही। इस बात का संकेत पूरे देश को दिया कि किसके मन में गद्दारी है। स्मृति ने राहुल पर सदन में फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- एक अभद्र व्यक्ति ही सदन में महिला सदस्यों के रहते ऐसी हरकत कर सकता है। यह उस खानदान के लक्षण हैं। ये आज देश को पता चल गया। पढ़ें पूरा बयान...

(3). शाह बोले- मणिपुर में हिंसा शर्मनाक, उस पर राजनीति उससे भी ज्यादा शर्मनाक
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- राहुल गांधी मणिपुर गए थे। उन्होंने कहा मुझे चुराचांदपुर जाना है। सेना ने कहा- हेलिकॉप्टर से जाइए, वे नहीं माने। 3 घंटे ऑनलाइन आकर नाटक किया, फिर लौट गए। मणिपुर में जो हुआ शर्मनाक है। उस पर राजनीति करना उससे भी ज्यादा शर्मनाक है। नरसिम्हा राव PM थे, तब भी मणिपुर में 700 लोग मारे गए, लेकिन वे वहां नहीं गए। पढ़ें पूरा बयान...

(4). विपक्ष का वॉकआउट, राज्यसभा से 4 बिल पास
भारी हंगामे के बाद विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष की अनुपस्थिति में यहां 4 बिल पास हुए। इनमें डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन बिल, संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश बिल, अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन बिल और कोस्टल एक्वाकल्चर अथॉरिटी बिल शामिल हैं।

2. वर्ल्ड कप का नया शेड्यूल, 9 मैचों की तारीखें बदलीं; भारत-पाकिस्तान मैच 14 अक्टूबर को
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने वनडे वर्ल्ड कप का नया शेड्यूल जारी किया है। 9 मुकाबलों की तारीखें बदली गई हैं। हालांकि, वेन्यू में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारत-पाकिस्तान मैच अब 15 की जगह 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। वहीं 12 नवंबर को कोलकाता में शेड्यूल्ड पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच अब 11 नवंबर को होगा। पाकिस्तान के 3 और भारत के 2 मैच री-शेड्यूल किए गए हैं।

ये खबर अहम क्यों है: मैच री-शेड्यूल करने का मुद्दा 2 सप्ताह पहले शुरू हुआ, जब अहमदाबाद पुलिस ने कहा कि उन्हें भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले में सिक्योरिटी देने में दिक्कतें आ सकती हैं, क्योंकि 15 अक्टूबर को नवरात्रि शुरू हो रही है। पिछले हफ्ते कोलकाता पुलिस ने कहा कि 12 अक्टूबर को कालीपूजा त्योहार के कारण उन्हें पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच की सिक्योरिटी में दिक्कतें आ सकती हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें...

3. ज्ञानवापी सर्वे के खिलाफ फिर याचिका; कोर्ट ने कहा- मीडिया कवरेज करने से बाज आए

ज्ञानवापी में ASI सर्वे पर रोक के लिए मुस्लिम पक्ष एक बार फिर से कोर्ट पहुंचा है। याचिका पर वाराणसी कोर्ट 17 अगस्त को सुनवाई करेगा। अदालत ने निर्देश दिया है कि सर्वे वाली जगह पर किसी तरह की रिपोर्टिंग नहीं होगी। ASI के लोग मीडिया को कोई रिपोर्ट नहीं देंगे। ऐसे विषय सोशल मीडिया पर भी नहीं चलने चाहिए, जिससे शान्ति भंग हो।

ये खबर अहम क्यों है: मुस्लिम पक्ष ने 5 तकनीकी पॉइंट्स को आधार बनाते हुए सर्वे पर रोक लगाने की मांग की है। इनका कहना है कि सर्वे में कई खामियां हैं। पहला ये कि बिना फीस दिए ही सर्वे हो रहा है। ये मानक के विपरीत है। कोर्ट ने फिलहाल सर्वे पर रोक नहीं लगाई है। हिंदू पक्ष को जवाब दाखिल करने के लिए 17 अगस्त तक का समय दिया गया है। ​​​​​​
पूरी खबर यहां पढ़ें...
4. गहलोत बोले- राजस्थान में जातिगत जनगणना होगी; OBC आरक्षण बढ़ाकर 27% किया जाएगा
राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने राज्य में जातिगत जनगणना करवाने का ऐलान किया है। उन्होंने ये भी कहा कि OBC आरक्षण 21% से बढ़ाकर 27% किया जाएगा। बढ़ा हुआ 6% आरक्षण OBC की सबसे पिछड़ी जातियों के लिए होगा।

ये खबर अहम क्यों है: प्रदेश में अभी SC को 16%, ST को 12%, OBC को 21%, EWS को 10% और MBC (मोस्ट बैकवर्ड क्लास) को 5% आरक्षण है। OBC का आरक्षण बढ़ाकर 27% करने के बाद राजस्थान में 70% आरक्षण हो जाएगा। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने में 3 महीने से भी कम समय बचा है। इतने कम समय में जातिगत जनगणना पूरी करना संभव नहीं है।
पूरी खबर यहां पढ़ें...

5. आयुष्मान भारत योजना में हुआ फर्जीवाड़ा; एक मोबाइल नंबर से जुड़े 7.50 लाख लोग

भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) ने आयुष्मान भारत योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। योजना के लगभग 7.50 लाख लाभार्थियों का मोबाइल नंबर एक ही है। रिपोर्ट के मुताबिक 43,197 परिवार ऐसे हैं, जिनमें मेंबर्स की संख्या 11 से 201 के बीच है। ये रिपोर्ट 8 अगस्त को लोकसभा में पेश हुई, जिसमें सितंबर 2018 से मार्च 2021 तक के रिजल्ट शामिल किए गए हैं।

ये खबर अहम क्यों है: एक घर में 11 से 201 सदस्यों का होना दिखाता है कि वेरिफिकेशन प्रोसेस में भी फर्जीवाड़ा हुआ। रिपोर्ट में नंबरों का जिक्र भी किया गया है। इसके मुताबिक 7.49 लाख लाभार्थी 9999999999 से जुड़े हुए थे। इनके अलावा 1.39 लाख लाभार्थी 8888888888 और 96,046 लोग 9000000000 नंबर से जुड़े हुए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें...

6. तिरुमाला तिरुपति बोर्ड का अध्यक्ष ईसाई को बनाने से विवाद; TDP ने राज्य सरकार से सवाल पूछा

आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर बोर्ड का अध्यक्ष वहां के विधायक करुणाकर रेड्डी को बनाए जाने के बाद विवाद पैदा हो गया है। वजह ये है कि करुणाकर रेड्‌डी का परिवार ईसाई धर्म को मानता है। राज्य सरकार के इस फैसले पर तेलुगुदेशम पार्टी (TDP), भाजपा और कई विपक्षी पार्टियों ने सवाल उठाया है।

ये खबर अहम क्यों है: विपक्षी पार्टियों का कहना है कि मंदिर के इस पद उस व्यक्ति को होना चाहिए जो हिंदू धर्म में आस्था रखता है। तिरुमाला का श्री वेंकटेश्वरा मंदिर दुनिया का सबसे अमीर मंदिर है। इसके पास 2.5 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें 10.25 टन सोना और 3,000 करोड़ रुपए की सालाना कमाई शामिल है।
पूरी खबर यहां पढ़ें...

7. एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया; PAK टूर्नामेंट से बाहर

भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय है। टीम ने 5 लीग मुकाबले खेले हैं, इनमें से 4 में जीत हासिल की है, जबकि जापान से 1-1 से ड्रॉ खेला था।

भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय है। टीम ने 5 लीग मुकाबले खेले हैं, इनमें से 4 में जीत हासिल की है, जबकि जापान से 1-1 से ड्रॉ खेला था।

भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने डबल गोल दागे। एक-एक गोल जुगराज सिंह और आकाशदीप सिंह की स्टिक से आया। ये भारत की पाकिस्तान पर ओवरऑल 65वीं जीत है। अब टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।

ये खबर अहम क्यों है: भारतीय टीम का सेमीफाइनल मुकाबला जापान से 11 अगस्त को चेन्नई में खेला जाएगा। 12 अगस्त को टूर्नामेंट का फाइनल होगा। इसमें गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम को सीधे ओलिंपिक में जगह मिलेगी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के टॉप स्कोरर हैं। वे अब तक 7 गोल कर चुके हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें...

8. चंद्रयान-3 ने दूसरी बार अपनी कक्षा घटाई; अब इसकी चांद से मिनिमम दूरी 174 किमी और मैक्सिमम दूरी 1,437 किमी
इसरो ने दूसरी बार चंद्रयान-3 की ऑर्बिट घटाई है। अब ये ऐसी अंडाकार ऑर्बिट में आ गया है, जिसमें उसकी चांद से मिनिमम दूरी 174 किमी और मैक्सिमम दूरी 1,437 किमी है। 14 अगस्त को फिर से चंद्रयान की ऑर्बिट बदली जाएगी। 23 अगस्त को लैंडिंग से पहले कुल 4 बार ऑर्बिट कम की जानी है।

ये खबर अहम क्यों है: चंद्रयान-3 में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल हैं। लैंडर और रोवर चांद के साउथ पोल पर उतरेंगे और 14 दिन तक वहां प्रयोग करेंगे। प्रोपल्शन मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में रहकर धरती से आने वाले रेडिएशन्स की स्टडी करेगा। इस मिशन के जरिए इसरो पता लगाएगा कि चांद की सतह पर भूकंप कैसे आते हैं। यह चंद्रमा की मिट्टी की भी स्टडी करेगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें...

9. इमरान की गिरफ्तारी के बाद तोशाखाना गिफ्ट की नीलामी; रकम से गरीबों की मदद की जाएगी

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने ऐलान किया है कि तोशाखाना (सरकारी खजाने) में रखे गिफ्ट्स की नीलामी की जाएगी। इससे जो पैसे जमा होंगे उनका इस्तेमाल गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए किया जाएगा। तोशाखाना मामले में पूर्व PM इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद ये फैसला लिया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: 5 अगस्त को इस्लामाबाद की ट्रायल कोर्ट ने तोशाखाना मामले में खान को 3 साल की सजा सुनाई थी। खान ने प्रधानमंत्री रहते हुए अलग-अलग देशों से मिले गिफ्ट को बेच दिया था। उन्होंने तोशाखाना से गिफ्ट्स को 2.15 करोड़ रुपए में खरीदा था और बताया कि इन्हें बेचने पर उन्हें 5.8 करोड़ रुपए मिले थे। बाद में खुलासा हुआ कि यह रकम 20 करोड़ से ज्यादा थी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

आज का कार्टून By मंसूर नकवी...

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. कुलदीप सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज: चहल का रिकॉर्ड तोड़ा; सूर्या सबसे कम पारियों में 100 छक्के जमाने वाले भारतीय बैटर (पढ़ें पूरी खबर)
  2. भारत छोड़ो आंदोलन दिवस पर PM का मैसेज: कहा- भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण भारत छोड़ो; मेरी माटी-मेरा देश अभियान की शुरुआत की (पढ़ें पूरी खबर)
  3. इमरान पांच साल चुनाव नहीं लड़ सकेंगे: तोशाखाना केस में सजा के बाद अयोग्य घोषित, इलेक्शन कमीशन का फैसला (पढ़ें पूरी खबर)
  4. तमिलनाडु में भाजपा कार्यालय से भारत माता की मूर्ति हटाई: अफसर बोले- परमिशन नहीं थी; BJP का आरोप- DMK सरकार में मूर्ति नहीं रख सकते (पढ़ें पूरी खबर)
  5. ट्रम्प बोले- हमारे देश पर हमला हो रहा: 5 महीने में दूसरी बार कहा- सत्ता में आया तो सबसे बड़ा डिपोर्टेशन ऑपरेशन चलाऊंगा (पढ़ें पूरी खबर)
  6. रूस ने हिस्ट्री बुक में यूक्रेन हमले को सही ठहराया: बच्चों को रूसी मिलिट्री ऑपरेशन का मकसद बताया जाएगा; 5 महीने में लिखी नई किताब (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके...

मंदिर में घुसे आतंकी को जड़ा थप्पड़, पता चला मॉकड्रिल थी

महाराष्ट्र के धुले में स्वामीनारायण मंदिर के कैंपस में चल रही मॉक ड्रिल के दौरान एक शख्स ने पुलिसवाले को थप्पड़ जड़ दिया। दरअसल, पुलिस की टीम आतंकियों के भेष में बंदूक लिए मंदिर में दाखिल हुई थी। उनमें से एक पुलिसवाले ने एक शख्स को डर दिखाकर घुटनों के बल बैठा दिया। ये सब देख रहे दूसरे व्यक्ति को गुस्सा आया और उसने पुलिसवाले को थप्पड़ जड़ दिया। बाद में उसे पता चला की ये एक मॉकड्रिल थी।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...

Adblock test (Why?)


राहुल बोले- मणिपुर में भारत मां की हत्या हुई: स्मृति ने कहा- ऐसी बात पर कांग्रेस ताली बजा रही है; वर्ल्ड कप... - Dainik Bhaskar
Read More

No comments:

Post a Comment

'हां, ये सही है लेकिन क्या मुल्क में यही चलता रहेगा...', ASI रिपोर्ट पर बोले प्रोफेसर इरफान हबीब - Aaj Tak

ज्ञानवापी परिसर की ASI सर्वे रिपोर्ट को लेकर हिंदू पक्ष ने कई दावे किए हैं. गुरुवार को वकील विष्णु शंकर जैन ने रिपोर्ट सार्वजनिक की. उन्हों...